*शासन के आश्वासन के बाद लेखपालों की हड़ताल समाप्त, भत्तों में बढ़ोतरी और तबादलों पर बनी सहमति*
जौनपुर /उत्तर प्रदेश में लेखपाल संघ और शासन के बीच हुई उच्चस्तरीय वार्ता के बाद सहमति बन गई है। शासन द्वारा प्रमुख मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद लेखपालों ने अपना कार्य बहिष्कार (हड़ताल) समाप्त करने का लिखित आश्वासन दे दिया है।
राजस्व विभाग द्वारा जारी बैठक के कार्यवृत्त के अनुसार, 10 अक्टूबर को लाल बहादुर शास्त्री भवन (उ.प्र. सचिवालय) के द्वितीय तल स्थित सभागार में प्रमुख सचिव (राजस्व विभाग) की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई थी। इस वार्ता में उ.प्र. लेखपाल संघ द्वारा 29 सितंबर और 1 अक्टूबर को सौंपे गए ज्ञापनों पर विस्तार से चर्चा हुई।
वार्ता में इन प्रमुख बिंदुओं पर बनी सहमति:
भत्तों में वृद्धि: शासन ने लेखपालों को मिल रहे वर्तमान भत्तों में बढ़ोतरी करने का सकारात्मक आश्वासन दिया है।
अन्तरमण्डलीय स्थानान्तरण: लेखपालों के एक मण्डल से दूसरे मण्डल में पारस्परिक आधार (Mutual Basis) पर तबादले के लिए आवश्यक कार्यवाही करने पर सहमति बनी है।
कार्य बहिष्कार वापस
शासन की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद बैठक में मौजूद उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीलेश रंजन राव परमार, प्रदेश महामंत्री राहुल पटेल एवं मीडिया प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने पूर्व में दिए गए ज्ञापन वापस लेते हुए कार्य बहिष्कार समाप्त करने का लिखित आश्वासन दिया।
बैठक में राजस्व परिषद की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती कंचन वर्मा, अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त श्री रमेश रंजन, अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त श्री अनिल कुमार यादव सहित शासन व संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहे।
यह आदेश संयुक्त सचिव संजीव कुमार श्रीवास्तव द्वारा जारी किया गया है। *रिपोर्ट चंचल जायसवाल नेशनल टीवी न्यूज़ जौनपुर*