*उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने आंदोलन का किया ऐलान, 3 अक्टूबर से चरणबद्ध बहिष्कार और 24 से अनिश्चितकालीन धरना*
शाहगंज (जौनपुर):
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ अपनी लंबित और न्यायोचित मांगों को लेकर एक बार फिर चरणबद्ध आंदोलन के मूड में आ गया है। शासन एवं राजस्व परिषद के स्तर पर बार-बार अनुरोध और बैठकों के बावजूद कोई ठोस निर्णय न होने के विरोध में प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर तहसील स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा तय की गई है। लेखपाल संघ द्वारा उपजिलाधिकारी शाहगंज को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन के आगामी कार्यक्रमों की सूचना दी गई है।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 22 सितंबर 2026 से अतिरिक्त हलकों के कार्य का बहिष्कार पहले से ही जारी है। अब प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार तहसील शाहगंज में निम्न प्रकार चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा:
* 3 अक्टूबर 2026: तहसील के समस्त लेखपाल 'सम्पूर्ण समाधान दिवस' का बहिष्कार करेंगे। प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक धरना-प्रदर्शन के बाद उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
* 8 अक्टूबर 2026: प्रातः 10:00 बजे से सभी लेखपाल तहसील के प्रशासनिक व्हाट्सएप ग्रुपों से अलग हो जाएंगे तथा आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, वरासत व फार्मर रजिस्ट्री जैसे समस्त ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करेंगे।
* 10 अक्टूबर 2026: थाना समाधान दिवस पर सभी लेखपाल बांह पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराते हुए कार्य करेंगे।
* 12 अक्टूबर 2026: तहसील व जिला मुख्यालय पर रक्तदान शिविर का आयोजन कर रक्तदान किया जाएगा।
* 14 अक्टूबर 2026: अपराह्न 1:00 बजे जिला मुख्यालय पर मोटर साइकिल रैली निकाली जाएगी और ज्ञापन सौंपा जाएगा।
* 17 से 23 अक्टूबर 2026: तहसील मुख्यालय पर समस्त कार्यों का पूर्ण बहिष्कार करते हुए प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायंकाल 4:00 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
* 24 अक्टूबर 2026 से: जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए अनवरत धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
लेखपाल संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि शासन स्तर से उनकी मांगों का जल्द निस्तारण नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। रिपोर्ट चंचल जायसवाल नेशनल टीवी न्यूज़ जौनपुर